जनसंवाद के साथ विकास को मिली नई गति, विधायक अदिति सिंह ने दी कई परियोजनाओं की सौगात

रायबरेली: सदर विधायक अदिति सिंह (Aditi Singh) ने रायबरेली (Raebareli) सदर विधानसभा क्षेत्र के ग्राम सभा लोधवारी, बंगलही बाग, पूरे माईदीन का पुरवा, पूरे दूबे एवं नेवलगंज में विभिन्न विकास कार्यों का शिलान्यास एवं लोकार्पण किया। इस दौरान उन्होंने क्षेत्रीय जनता एवं कार्यकर्ताओं से सीधा संवाद स्थापित कर उनकी समस्याओं, सुझावों और विकास संबंधी अपेक्षाओं को सुना।

कार्यक्रम के दौरान विधायक ने ग्राम पंचायत लोधवारी में नवनिर्मित सचिवालय एवं जनसुविधा केंद्र का लोकार्पण कर उसे जनता को समर्पित किया। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में मूलभूत सुविधाओं का विस्तार और जनसेवाओं को सुलभ बनाना उनकी प्राथमिकता है। सचिवालय एवं जनसुविधा केंद्र के संचालन से ग्रामीणों को विभिन्न सरकारी सेवाओं का लाभ अपने गांव में ही प्राप्त हो सकेगा।

विधायक अदिति सिंह (Aditi Singh) ने कहा कि प्रदेश सरकार की लोक-कल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक पहुंचाना ही उनका मुख्य ध्येय है। उन्होंने ग्रामीणों को आश्वस्त किया कि क्षेत्र के सर्वांगीण विकास के लिए सड़क, पेयजल, शिक्षा, स्वास्थ्य एवं अन्य बुनियादी सुविधाओं को मजबूत बनाने का कार्य निरंतर जारी रहेगा।

जनसंवाद कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों ने क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं और आवश्यकताओं से विधायक को अवगत कराया। विधायक ने संबंधित विषयों के त्वरित समाधान का भरोसा दिलाते हुए कहा कि जनता से प्राप्त सुझाव विकास योजनाओं की प्राथमिकता तय करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

इस अवसर पर बड़ी संख्या में स्थानीय जनप्रतिनिधि, कार्यकर्ता एवं ग्रामीण मौजूद रहे। ग्रामीणों ने विधायक का गर्मजोशी से स्वागत करते हुए क्षेत्र में कराए जा रहे विकास कार्यों की सराहना की।

Other Latest News

Leave a Comment