रायबरेली: जनपद में स्व-जनगणना अभियान की आज से औपचारिक शुरुआत हो गई। अभियान का शुभारंभ जिलाधिकारी सरनीत कौर ब्रोका ने कलेक्ट्रेट स्थित बचत भवन में आयोजित कार्यक्रम के दौरान किया। इस दौरान जिलाधिकारी ने स्वयं जनगणना पोर्टल पर अपनी जानकारी दर्ज कराते हुए अभियान में सहभागिता निभाई और लोगों को भी इसमें बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम में जिले के विभिन्न विभागों के अधिकारियों और कर्मचारियों ने भी स्व-जनगणना प्रक्रिया में भाग लेते हुए ऑनलाइन माध्यम से अपनी जानकारी दर्ज की। प्रशासन द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम में अधिकारियों को डिजिटल जनगणना प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी दी गई तथा लोगों को जागरूक करने के निर्देश भी दिए गए।

इस मौके पर जिलाधिकारी सरनीत कौर ब्रोका ने कहा कि 7 मई से शुरू हुआ यह स्व-जनगणना अभियान 21 मई तक संचालित किया जाएगा। उन्होंने जनपदवासियों से अपील करते हुए कहा कि सभी लोग डिजिटल माध्यम का उपयोग करते हुए स्वयं अपनी जानकारी ऑनलाइन दर्ज करें, ताकि जनगणना प्रक्रिया को सरल, पारदर्शी और अधिक प्रभावी बनाया जा सके।
उन्होंने कहा कि स्व-जनगणना अभियान के जरिए नागरिक घर बैठे आसानी से अपनी जानकारी साझा कर सकते हैं, जिससे समय की बचत के साथ-साथ प्रशासनिक कार्यों में भी तेजी आएगी। जिलाधिकारी ने अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि वे अधिक से अधिक लोगों को इस अभियान के प्रति जागरूक करें और उनकी सहायता करें।
प्रशासन की ओर से जनपद के नागरिकों से अपील की गई है कि वे अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाकर इसे सफल बनाएं।










