रायबरेली के हरचंदपुर थाना क्षेत्र में एक युवक द्वारा ट्रेन के सामने कूदकर आत्महत्या करने का मामला सामने आया है। घटना से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। युवक का शव हरचंदपुर थाना क्षेत्र के डिडौली गांव के पास रेलवे ट्रैक पर मिला, जिसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मृतक युवक ने आत्महत्या करने से पहले एक वीडियो बनाया था, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में युवक ने अपनी पत्नी पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उसने कहा कि उसकी पत्नी का गांव के ही एक युवक से अवैध संबंध था, जिससे वह काफी समय से मानसिक रूप से परेशान चल रहा था।

वीडियो में युवक ने साफ तौर पर अपनी पत्नी और उसके कथित प्रेमी को अपनी मौत के लिए जिम्मेदार ठहराया है। उसने प्रशासन से मांग की कि उसकी मौत के बाद दोनों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए। युवक ने वीडियो में अपनी पीड़ा व्यक्त करते हुए कहा कि वह लगातार मानसिक तनाव में जी रहा था और अब उसके पास कोई रास्ता नहीं बचा था।
घटना की जानकारी मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और रो-रोकर बुरा हाल हो गया। गांव में भी इस घटना को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। पुलिस ने वायरल वीडियो को भी जांच के दायरे में लिया है और मामले की गंभीरता से जांच शुरू कर दी है।
हरचंदपुर पुलिस का कहना है कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। वीडियो और परिजनों की तहरीर के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है, ताकि घटना की सच्चाई सामने आ सके।










