ConnecTech 2026 में सरला बिरला पब्लिक स्कूल का उत्कृष्ट शैक्षणिक प्रदर्शन, नवाचार की भावना का शानदार प्रदर्शन; चैंपियन बना स्कूल

ConnecTech 2026 में सरला बिरला पब्लिक स्कूल, रांची ने शानदार प्रदर्शन करते हुए चैंपियन स्कूल का खिताब जीता। विज्ञान, गणित और टेक-आर्ट प्रतियोगिताओं में छात्रों ने कई पुरस्कार अपने नाम किए।

ConnecTech 2026: सरला बिरला पब्लिक स्कूल, राँची ने कनेक्टेक-2026 में अपने उत्कृष्ट शैक्षणिक प्रदर्शन और नवाचार की भावना का शानदार परिचय देते हुए चैंपियन स्कूल का गौरव हासिल किया। इस प्रतियोगिता में विद्यालय के विद्यार्थियों ने विभिन्न प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए अपनी उल्लेखनीय उपलब्धियों से विद्यालय का नाम गौरवान्वित किया।

विज्ञान, रचनात्मकता और टीम भावना का उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए कक्षा दसवीं के सलज शेखर एवं समृद्धि ने कक्षा नौवीं से बारहवीं के विद्यार्थियों के लिए आयोजित विज्ञान मॉडल प्रतियोगिता ‘निर्माण’ में प्रथम स्थान प्राप्त किया तथा 7 हजार रूपये की नकद पुरस्कार राशि अर्जित की। टेक-आर्ट (कक्षा आठवीं से बारहवीं के विद्यार्थियों के लिए तकनीकी चित्रांकन प्रतियोगिता) में कक्षा दसवीं के ज्ञान प्रगति ने प्रथम स्थान प्राप्त करते हुए 7 हजार की नकद पुरस्कार राशि जीती, जबकि कक्षा बारहवीं की खुशी कुमारी ने एप्रिसिएशन प्राइज प्राप्त किया।

गणितीय प्रतिभा का उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए कक्षा नौवीं एवं दसवीं के विद्यार्थियों के लिए आयोजित पाइथागोरस स्टार (गणितीय अभिरुचि परीक्षा) में कक्षा दसवीं के अश्मित मिश्रा ने तृतीय स्थान प्राप्त किया तथा 3 हजार की नकद पुरस्कार राशि जीती। इसी क्रम में कक्षा ग्यारहवीं एवं बारहवीं के विद्यार्थियों के लिए आयोजित पाइथागोरस प्रो (गणितीय अभिरुचि परीक्षा) में कक्षा बारहवीं के अमन राज ने द्वितीय स्थान प्राप्त करते हुए 4 हजार की नकद पुरस्कार राशि अर्जित की, जबकि कक्षा बारहवीं के ईशान कुमार राय को एप्रिसिएशन प्राइज से सम्मानित किया गया।

विभिन्न प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए सरला बिरला पब्लिक स्कूल, राँची ने प्रतिष्ठित चैंपियन स्कूल ट्रॉफी हासिल की। विद्यार्थियों की इस शानदार उपलब्धि पर उन्हें बधाई देते हुए प्राचार्या मनीषा शर्मा ने कहा कि विद्यार्थियों की उल्लेखनीय सफलता उनकी प्रतिभा, दृढ़ता और नवाचार की भावना का प्रमाण है।

उन्होंने कहा कि चैंपियन स्कूल का खिताब विद्यालय की उस प्रतिबद्धता को और सुदृढ़ करता है, जिसके अंतर्गत विद्यार्थियों को ऐसा गतिशील एवं समृद्ध शिक्षण वातावरण प्रदान किया जाता है, जहाँ वे विभिन्न शैक्षणिक एवं तकनीकी मंचों पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करते हुए उत्कृष्टता प्राप्त करने के लिए निरंतर प्रेरित होते हैं।

Other Latest News

Leave a Comment