Bokaro: मोटर दुर्घटना दावा मामलों के त्वरित निष्पादन पर मंथन

Bokaro: न्याय सदन, बोकारो में शनिवार को जिला विधिक सेवा प्राधिकार, बोकारो की ओर से मोटर दुर्घटना दावा अधिकरण (MACT) विषयक जिला स्तरीय कार्यशाला आयोजित की गई। झारखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकार (JHALSA) के गतिविधि कैलेंडर के आलोक में आयोजित कार्यशाला प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश-सह-अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकार, बोकारो अनिल कुमार मिश्रा के निर्देशन में हुई।

कार्यशाला का उद्देश्य मोटर दुर्घटना दावा मामलों के त्वरित एवं प्रभावी निष्पादन के साथ दुर्घटना पीड़ितों और उनके आश्रितों को समय पर उचित प्रतिकर उपलब्ध कराने के लिए संबंधित विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करना था।

कार्यक्रम में जिला विधिक सेवा प्राधिकार के सचिव अरुण कुमार दुबे उपस्थित रहे। अधिवक्ता डीके मिश्रा और जिला बार एसोसिएशन, बोकारो के अधिवक्ता अजय कुमार झा ने संसाधन व्यक्ति के रूप में मोटर दुर्घटना दावा मामलों से जुड़े कानूनी और व्यावहारिक पहलुओं की जानकारी दी।

कार्यशाला में उप पुलिस अधीक्षक यातायात, उप पुलिस अधीक्षक नगर, मोटरयान निरीक्षक (MVI), मुख्य लीगल एड डिफेंस काउंसिल (Chief LADC), विभिन्न थाना प्रभारी, पुलिस पदाधिकारी, बीमा कंपनियों के पदाधिकारी व अधिवक्ता, मध्यस्थ, लीगल एड डिफेंस काउंसिल, पारा लीगल वॉलेन्टियर (PLV) समेत अन्य संबंधित हितधारकों ने भाग लिया।

इस दौरान दुर्घटना सूचना प्रतिवेदन (DAR) की महत्ता, पुलिस, परिवहन विभाग, चिकित्सकीय प्राधिकारियों और बीमा कंपनियों की भूमिका तथा आवश्यक अभिलेखों के समयबद्ध संकलन पर चर्चा की गई। वक्ताओं ने मोटर वाहन अधिनियम, MACT की कार्यप्रणाली तथा उच्चतम न्यायालय और विभिन्न उच्च न्यायालयों के दिशा-निर्देशों की जानकारी दी। साथ ही दावा मामलों के शीघ्र निस्तारण के लिए अपनाई जाने वाली प्रक्रियाओं पर भी विस्तार से प्रकाश डाला गया।

सचिव अरुण कुमार दुबे ने कहा कि दुर्घटना पीड़ितों और उनके परिजनों को समयबद्ध न्याय एवं प्रभावी विधिक सहायता उपलब्ध कराने के लिए सभी संबंधित विभागों और संस्थाओं के बीच बेहतर समन्वय जरूरी है। पुलिस प्रशासन, परिवहन विभाग, चिकित्सकीय अधिकारी, बीमा कंपनियां, अधिवक्ता और विधिक सेवा संस्थाएं मिलकर कार्य करें तो पीड़ितों को शीघ्र प्रतिकर दिलाने की प्रक्रिया को प्रभावी बनाया जा सकता है। कार्यशाला के अंत में प्रतिभागियों ने मोटर दुर्घटना दावा मामलों के त्वरित एवं प्रभावी निष्पादन के लिए आपसी सहयोग और समन्वय बनाए रखने का संकल्प लिया।

Other Latest News

Leave a Comment