पेटरवार: बोकारो जिले में युवाओं को तंबाकू और नशे की लत से बचाने के उद्देश्य से स्वास्थ्य विभाग की टीम लगातार सक्रिय नजर आ रही है। मंगलवार को सिविल सर्जन सह अभिहित पदाधिकारी डॉ. अभय भूषण प्रसाद के निर्देश पर पेटरवार थाना क्षेत्र में सघन जांच अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान विभिन्न होटल, दुकान एवं प्रतिष्ठानों में सिगरेट और अन्य तंबाकू उत्पाद अधिनियम-2003 (COTPA-2003), पीईसीए-2019 तथा खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम 2006 के तहत जांच की गई।
जांच अभियान का नेतृत्व खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी श्रीमती गुलाब लकड़ा एवं जिला परामर्शी मो. असलम ने संयुक्त रूप से किया। इस दौरान पेटरवार क्षेत्र के करीब 57 दुकानों और होटलों की जांच की गई, जिसमें कोटपा कानून के उल्लंघन के आरोप में 16 प्रतिष्ठानों एवं व्यक्तियों पर कार्रवाई करते हुए कुल 6150 रुपये का जुर्माना वसूला गया।

जिला परामर्शी मो. असलम ने बताया कि पेटरवार +2 हाई स्कूल के 100 मीटर के दायरे में आने वाली सभी दुकानों की विशेष जांच की गई। जिन दुकानों में तंबाकू उत्पाद पाए गए, उन पर कोटपा-2003 की धारा 6बी के तहत चालान काटा गया। संबंधित दुकानदारों को सख्त निर्देश दिया गया कि भविष्य में स्कूल परिसर के आसपास किसी भी प्रकार के तंबाकू अथवा नशे के सामान की बिक्री नहीं करें।
अभियान के दौरान होटल संचालकों और प्रबंधकों को भी स्पष्ट निर्देश दिया गया कि वे अपने प्रतिष्ठानों में “गैर धूम्रपान क्षेत्र” का बोर्ड एवं पोस्टर अनिवार्य रूप से लगाएं। अधिकारियों ने चेतावनी दी कि ऐसा नहीं करने पर कोटपा अधिनियम की धारा 4 के तहत 1000 रुपये तक का जुर्माना लगाया जा सकता है।
खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी श्रीमती गुलाब लकड़ा ने कहा कि शिक्षण संस्थानों, सरकारी कार्यालयों, अस्पतालों और न्यायालय परिसरों के 100 मीटर के दायरे में धूम्रपान, तंबाकू सेवन या तंबाकू खाकर थूकना दंडनीय अपराध है, जिसके लिए 1000 रुपये तक का जुर्माना लगाया जा सकता है। उन्होंने कहा कि बोकारो जिला प्रशासन एवं थाना प्रभारियों का मुख्य उद्देश्य युवाओं को नशे की गिरफ्त से बचाना और समाज में जागरूकता फैलाना है।
उन्होंने यह भी कहा कि खुला सिगरेट बेचना पैकेट पर अंकित स्वास्थ्य चेतावनी के नियमों का उल्लंघन है, इसलिए दुकानदार नियमों का पालन सुनिश्चित करें।
इस अवसर पर स्वास्थ्य विभाग के खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी श्रीमती गुलाब लकड़ा, जिला परामर्शी मो. असलम, आनंद कुमार सहित अन्य कर्मी उपस्थित थे।










