Bokaro Thermal: बोकारो थर्मल डीवीसी (DVC) के अंतर्गत SC/ST (दलित एवं आदिवासी) समाज के नियोजन से जुड़े वर्षों से लंबित मामलों के समाधान की मांग को लेकर झारखंड राज्य SC/ST अधिकार मोर्चा का प्रतिनिधिमंडल मंगलवार को बेरमो (तेनुघाट) के एसडीएम मनोज कुमार से मिला।
प्रतिनिधिमंडल में मोर्चा के प्रदेश उपाध्यक्ष राजकुमार राम और जारंगडीह जॉन के संगठन सचिव प्रदीप कुमार शामिल थे। उन्होंने एसडीएम को ज्ञापन सौंपकर डीवीसी में लंबित नियोजन मामलों की जानकारी दी और आरोप लगाया कि प्रक्रिया में शोषित समाज के अभ्यर्थियों के साथ भेदभाव किया जा रहा है।

मामले की गंभीरता को देखते हुए एसडीएम मनोज कुमार ने तत्काल पहल करते हुए डीवीसी प्रबंधन के अधिकारियों को कार्यालय में बुलाकर बैठक कराने का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि संबंधित मुद्दे पर डीवीसी प्रबंधन से चर्चा कर समाधान की दिशा में आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
मोर्चा के पदाधिकारियों ने एसडीएम की पहल का स्वागत किया और उम्मीद जताई कि वर्षों से लंबित नियोजन मामलों का जल्द निपटारा होगा तथा प्रभावित अभ्यर्थियों को न्याय मिलेगा। साथ ही उन्होंने नियोजन प्रक्रिया में पारदर्शिता और समान अवसर सुनिश्चित करने की मांग भी दोहराई।










