DVC 79th Foundation Day: दामोदर घाटी निगम (DVC) के 79वें स्थापना दिवस के अवसर पर बोकारो ताप विद्युत केंद्र (BTPS) में रंगारंग एवं विविध कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। समारोह का शुभारंभ स्टेशन क्लब में परियोजना प्रधान (एचओपी) सुशील कुमार अरजरिया, महाप्रबंधक (ऑपरेशन एंड मेंटेनेंस) मधुकर श्रीवास्तव तथा महाप्रबंधक (मानव संसाधन) ए.ए. कुजूर ने दीप प्रज्वलित कर एवं केक काटकर किया।
स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में पूरे बीटीपीएस परिसर को आकर्षक ढंग से सजाया गया। कार्यक्रम के दौरान रचनात्मक प्रतियोगिताओं, प्रेरणादायी व्याख्यानों, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और जनसहभागिता पर विशेष जोर दिया गया। डीवीसी कर्मचारियों के बच्चों एवं महिलाओं ने मनमोहक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर समारोह में चार चांद लगा दिए।

इस अवसर पर “DVC@79 BTPS Talks” का आयोजन भी किया गया, जिसका उद्देश्य नवाचार, नेतृत्व और सकारात्मक बदलाव से जुड़े विचारों को साझा करने के लिए एक प्रभावी मंच उपलब्ध कराना था।
समारोह के तहत “डीवीसी – मेरी नजर में” विषय पर लघु फिल्म प्रतियोगिता तथा “डीवीसी की झलक” विषय पर फोटोग्राफी प्रतियोगिता आयोजित की गई। इन प्रतियोगिताओं के माध्यम से प्रतिभागियों ने डीवीसी के कार्य, संस्कृति, उपलब्धियों और गौरवशाली विरासत को रचनात्मक ढंग से प्रस्तुत किया।
कार्यक्रम के अंत में विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं एवं प्रतिभागियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। पूरे आयोजन में कर्मचारियों, उनके परिजनों एवं स्थानीय लोगों का उत्साह दिखा ।
डीवीसी के 79वें स्थापना दिवस समारोह ने निगम की गौरवशाली यात्रा का उत्सव मनाने के साथ-साथ रचनात्मकता, नवाचार और जनभागीदारी को बढ़ावा देने का सशक्त संदेश भी दिया।










