Farrukhabad: बिजली चोरी की शिकायत पर जांच करने पहुंची बिजली विभाग की टीम के साथ मारपीट का मामला तूल पकड़ गया है। लोको रोड पर जांच के दौरान बिजली विभाग के अधिकारियों पर हमला करने के आरोप में पुलिस ने रोडवेज कर्मी सुभाष चंद्र अहिरवार को गिरफ्तार कर लिया है। मारपीट में अवर अभियंता (जेई) मुख्तार हुसैन के हाथ में गंभीर चोट आई और एक्सरे में फ्रैक्चर की पुष्टि हुई है। घटना के बाद बिजली विभाग के कर्मचारियों में आक्रोश फैल गया और जेई संगठन ने आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर अधिकारियों से शिकायत की।
बताया गया कि बीते सोमवार को एसडीओ अजय कुमार और जेई मुख्तार हुसैन विभागीय टीम के साथ लोको रोड स्थित रोडवेज कर्मी सुभाष चंद्र अहिरवार के घर बिजली चोरी की शिकायत की जांच करने पहुंचे थे। टीम जांच कर ही रही थी कि विवाद खड़ा हो गया। देखते ही देखते मामला कहासुनी से मारपीट तक पहुंच गया। आरोप है कि बिजली विभाग की टीम के साथ हमला कर मारपीट की गई। इस दौरान जेई मुख्तार हुसैन के हाथ में गंभीर चोट लग गई।

घटना के बाद जेई संगठन ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी और एएसपी से आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की। अधिकारियों के हस्तक्षेप के बाद पुलिस ने भी कार्रवाई तेज कर दी। इसी बीच फतेहगढ़ पुलिस को सूचना मिली कि मुख्य आरोपी सुभाष चंद्र अहिरवार लोहिया अस्पताल में मौजूद है। पुलिस ने अस्पताल पहुंचकर मेडिकल की प्रक्रिया के दौरान ही उसे हिरासत में ले लिया।
फतेहगढ़ कोतवाल विजय सिंह के अनुसार आरोपी सुभाष का चालान कर दिया गया है। जेई के एक्सरे में फ्रैक्चर की पुष्टि हुई है। मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर मुकदमे में आवश्यक रूप से और कठोर धाराएं बढ़ाई जाएंगी। पुलिस अब आरोपी के बेटे रजत समेत चार अन्य अज्ञात आरोपियों की तलाश में जुटी है।
बिजली विभाग ने भी कसा शिकंजा
पुलिस कार्रवाई के साथ बिजली विभाग ने भी आरोपी के खिलाफ शिकंजा कस दिया है। विभाग की ओर से बिजली चोरी के मामले में 1,24,828 रुपये के जुर्माने का नोटिस जारी किया गया है। जेई मुख्तार हुसैन के मुताबिक नोटिस की कार्रवाई के बाद संबंधित परिसर का बिजली कनेक्शन काटा जाएगा। विभाग का कहना है कि बकाया जुर्माना जमा होने के बाद ही नियमानुसार बिजली आपूर्ति बहाल की जाएगी।
घटना के बाद बिजली विभाग के कर्मचारियों में नाराजगी है। विभागीय टीम पर जांच के दौरान हमला किए जाने को लेकर कर्मचारियों ने आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। पुलिस की गिरफ्तारी के बाद अब मामले में आगे की कार्रवाई और फरार आरोपियों की गिरफ्तारी पर नजर बनी हुई है।










