रायबरेली: संसद भवन में जिले के सांसद राहुल गांधी (Rahul Gandhi) द्वारा भाजपा के सदन के सदस्यों से की गई वार्ता को भाजपाइयों ने अपशब्द बताते हुए शहर कोतवाली क्षेत्र स्थित हाथी पार्क चौराहे पर गुरुवार को उत्तर प्रदेश सरकार के उद्यान मंत्री दिनेश प्रताप सिंह के नेतृत्व में भाजपा कार्यकर्ताओं ने राहुल गांधी के खिलाफ धरना-प्रदर्शन किया। दोपहर करीब 12 बजे शुरू हुए प्रदर्शन में सैकड़ों कार्यकर्ता शामिल हुए और राहुल गांधी के इस्तीफे की मांग को लेकर नारेबाजी की।
धरने को संबोधित करते हुए मंत्री दिनेश प्रताप सिंह (Dinesh Pratap Singh) ने आरोप लगाया कि संसद में राहुल गांधी (Rahul Gandhi) द्वारा भाजपा सांसदों के प्रति अमर्यादित भाषा का प्रयोग किया गया, जो लोकतांत्रिक परंपराओं और संसदीय गरिमा के अनुरूप नहीं है। उन्होंने कहा कि इसी के विरोध में भाजपा कार्यकर्ताओं ने यह धरना आयोजित किया है। मंत्री ने आरोप लगाया कि राहुल गांधी अपने संसदीय क्षेत्र रायबरेली के विकास और स्थानीय समस्याओं को संसद में प्रभावी ढंग से नहीं उठाते, जबकि अन्य मुद्दों पर लगातार बयानबाजी करते रहते हैं।

उन्होंने कहा कि रायबरेली की जनता के साथ किए गए वादों को पूरा करने में भी राहुल गांधी विफल रहे हैं। इसी आधार पर भाजपा कार्यकर्ता उनसे सांसद पद से इस्तीफा देने की मांग कर रहे हैं। दिनेश प्रताप सिंह ने यह भी कहा कि संविधान और बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर के नाम का सम्मान केवल प्रतीकात्मक रूप से नहीं, बल्कि संसदीय मर्यादाओं का पालन करके किया जाना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी का आचरण संविधान की भावना के अनुरूप नहीं है।
धरना स्थल पर मौजूद भाजपा कार्यकर्ताओं ने हाथों में तख्तियां लेकर “राहुल गांधी इस्तीफा दो” सहित विभिन्न राजनीतिक नारे लगाए। कार्यक्रम के दौरान पुलिस बल तैनात रहा और सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखी गई। प्रदर्शन शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ, हालांकि धरने के चलते कुछ समय के लिए हाथी पार्क चौराहे पर यातायात प्रभावित रहा।
भाजपा जिलाध्यक्ष के बिगड़े बोल राहुल गांधी को कहा अपशब्द
धरना प्रदर्शन के दौरान मंत्री दिनेश प्रताप सिंह (Dinesh Pratap Singh) के भाषण के बाद भाजपा जिला अध्यक्ष ने माइक संभालते ही अपना आपा खो बैठे और सदन में नेता प्रतिपक्ष और जिले के सांसद राहुल गांधी (Rahul Gandhi) को अपशब्द कहने लगे, कहां की जिनकी ना जात का पता है ना परिवार का पता है ना धर्म का पता है ऐसे हरामियों को रायबरेली में घुसने नहीं दिया जाएगा। यह वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है जिस पर कांग्रेसियों ने कहा है कि यह संस्कारी पार्टी के जिला अध्यक्ष हैं जिनके संस्कार उनके शब्दों में झलक रहे हैं।









