रायबरेली शहर कोतवाली क्षेत्र की रहने वाली एक महिला ने पड़ोस के युवक और उसके परिजनों पर दुष्कर्म के प्रयास, मारपीट, घर में घुसकर हमला करने तथा कपड़े फाड़कर अभद्रता करने का गंभीर आरोप लगाया है। पीड़िता ने आज दिनांक 22 जून 2026 दिन सोमवार को समय करीब 10:00 बजे पुलिस अधीक्षक रायबरेली को प्रार्थना पत्र देकर रिपोर्ट दर्ज कराने, मेडिकल परीक्षण कराने और आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
पीड़िता श्रीमती कंचन साहू पत्नी रामजी साहू निवासी रायपुर, थाना कोतवाली नगर, रायबरेली द्वारा दिए गए शिकायती पत्र के अनुसार 12 जून 2026 की रात करीब 11 बजे वह दुकान से नमक लेकर अपने घर लौट रही थी। आरोप है कि रास्ते में मोहल्ले के रहने वाले योगेश पुत्र शिवपाल ने उसका रास्ता रोक लिया और अश्लील बातें करते हुए दुष्कर्म करने की धमकी दी। महिला के विरोध करने और शोर मचाने पर आरोपी ने उसका मुंह दबा दिया।

पीड़िता का आरोप है कि इसी दौरान योगेश के परिजन भी मौके पर पहुंच गए और सभी ने मिलकर उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। किसी तरह वह अपनी जान बचाकर घर के अंदर पहुंची, लेकिन आरोपियों ने घर में घुसकर उसके साथ दोबारा मारपीट की। महिला का कहना है कि बीच-बचाव करने आए उसके पति रामजी साहू को भी लात-घूंसों से पीटा गया।
शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि आरोपियों ने महिला के बाल पकड़कर उसे घर से बाहर घसीटा और उसके कपड़े फाड़ दिए, जिससे वह सार्वजनिक रूप से अपमानित हुई। पीड़िता का कहना है कि आरोपियों ने पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी भी दी। इतना ही नहीं, आरोप है कि उसके पति के चाट के ठेले को भी तोड़ दिया गया।
महिला के अनुसार घटना में उसे सिर, गले, हाथ और पैरों में गंभीर चोटें आई हैं और वह लगातार चक्कर आने की शिकायत से परेशान है। घटना के बाद उसने डायल 112 पर फोन कर पुलिस को सूचना दी। हालांकि पीड़िता का आरोप है कि पुलिस द्वारा कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई और न ही उसका मेडिकल परीक्षण कराया गया।
पीड़िता ने अपने प्रार्थना पत्र में यह भी उल्लेख किया है कि घटना के बाद कुछ लोग उसके घर पहुंचकर उसे धमकियां दे रहे हैं, जिससे पूरा परिवार भयभीत है। महिला ने पुलिस अधीक्षक से मामले की निष्पक्ष जांच कर एफआईआर दर्ज कराने, मेडिकल परीक्षण कराने तथा आरोपियों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है। साथ ही अपने परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित किए जाने की भी गुहार लगाई है।
फिलहाल पुलिस की ओर से मामले में कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। शिकायत के आधार पर जांच और आगे की कार्रवाई की प्रतीक्षा की जा रही है।










