रसंतीपुर गांव में दबंगों का कहर: घर में घुसकर हमला; पीड़ित परिवार ने एसपी कार्यालय पहुंचकर लगाई न्याय की गुहार

रायबरेली जिले के मिल एरिया थाना क्षेत्र के अंतर्गत रसंतीपुर गांव में दबंगों के आतंक का मामला सामने आया है। यहां आधा दर्जन से अधिक दबंगों ने एक परिवार के घर में घुसकर लाठी-डंडों और लोहे की रॉड से जमकर मारपीट की। घटना से पीड़ित परिवार में भय और दहशत का माहौल बना हुआ है।

पीड़ित परिवार ने शुक्रवार, 1 मई 2026 को दोपहर करीब 12 बजे पुलिस अधीक्षक (एसपी) कार्यालय पहुंचकर पूरे मामले की शिकायत दर्ज कराई। पीड़ित का आरोप है कि दबंग लोग पहले ही उनकी जमीन पर कब्जा कर चुके हैं और अब उनके घर पर भी अवैध कब्जा करने की कोशिश कर रहे हैं। जब परिवार ने इसका विरोध किया, तो आरोपियों ने घर में घुसकर बेरहमी से मारपीट की।

परिजनों का कहना है कि आरोपियों द्वारा आए दिन उन्हें धमकाया जाता है और विरोध करने पर हमला कर दिया जाता है। पीड़ित ने यह भी बताया कि उन्होंने इस संबंध में कई बार स्थानीय थाने में शिकायत की, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई, जिससे दबंगों के हौसले बुलंद हैं।

न्याय की आस में भटक रहे पीड़ित परिवार ने एसपी कार्यालय पहुंचकर जान-माल की सुरक्षा की गुहार लगाई है। मामले की गंभीरता को देखते हुए अपर पुलिस अधीक्षक ने जांच के आदेश दे दिए हैं और दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा और जल्द ही उचित कार्रवाई की जाएगी।

फिलहाल, इस घटना ने क्षेत्र में कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। अब देखना होगा कि पुलिस प्रशासन इस मामले में कितनी तेजी और सख्ती से कार्रवाई करता है।

Other Latest News

Leave a Comment