बोकारो थर्मल में चोरों ने ट्रांसफॉर्मर का केबल उड़ाया, अंधेरे में डूबे कई कॉलोनियां

बोकारो थर्मल: औद्योगिक क्षेत्र बोकारो थर्मल में अपराधियों के हौसले बुलंद हैं। सोमवार की देर रात चोरों ने हॉस्पिटल मोड़ स्थित एक बड़े ट्रांसफॉर्मर को निशाना बनाते हुए उसका कीमती केबल काट लिया। इस चोरी की वजह से पुराना जीएमटी, एचएमटी और लेबर क्वार्टर सहित कई इलाकों में पूरी रात बिजली गुल रही, जिससे कॉलोनी के लोगों को बिजली के बिना भारी परेशानी झेलनी पड़ी।

वारदात का तरीका: पहले गिराया ब्रेकर, फिर काटा केबल

स्थानीय प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, घटना रात करीब 12:30 बजे की है। कुछ संदिग्ध लोगों को ट्रांसफॉर्मर के पास देखा गया था। चोरों ने पहले बिजली लाइन को ट्रिप (Trip) करने की कोशिश की, लेकिन जब वे इसमें नाकाम रहे, तो उन्होंने मुख्य ब्रेकर ही गिरा दिया। जैसे ही पूरे इलाके की बिजली कटी, चोरों ने तेजी से ट्रांसफॉर्मर का केबल काटा और रफूचक्कर हो गए।

सूचना मिलते ही डीवीसी और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची

मंगलवार सुबह जब घटना की जानकारी मिली, तो DVC (दामोदर घाटी निगम) के अधिकारियों और पुलिस प्रशासन में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही डीवीसी और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। DVC टीम: गुंजन कुमार, संदीप भगत, सुरजीत सिंह, राजेश विश्वास, सुरजीत सरकार और अर्घा वासु ने मौके पर पहुंचकर तकनीकी नुकसान का जायजा लिया। सी पंचायत के मुखिया विकास कुमार सिंह उर्फ बब्लू सिंह भी मौके पर पहुंचे और जल्द से जल्द बिजली बहाल की मांग की।

बोकारो थर्मल थाना से पंकज भारद्वाज ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। थाना प्रभारी पिंकू कुमार यादव ने मामले की गंभीरता को देखते हुए कहा कि अपराधियों की धरपकड़ के लिए गहन छानबीन शुरू कर दी गई है।

डीवीसी के अधिकारी संदीप भगत द्वारा थाने में लिखित शिकायत दर्ज करा दी गई है। विभाग के तकनीकी कर्मचारी युद्धस्तर पर क्षतिग्रस्त केबल को बदलने और मरम्मत कार्य में जुटे हैं।

प्रशाशन का कहना है “यह एक गंभीर मामला है। बिजली जैसे आवश्यक संसाधनों की चोरी से आम जनता को काफी परेशानी होती है। पुलिस इस मामले की तह तक जाएगी और दोषियों पर सख्त कार्रवाई करेगी ।”

Other Latest News

Leave a Comment