DTDC कोरियर सेंटर में लाखों की चोरी, कंप्यूटर और सीसीटीवी समेत सामान ले गए चोर

बोकारो थर्मल थाना क्षेत्र के DVC हॉस्पिटल मोड़, रेलवे गेट के पास स्थित DTDC एक्सप्रेस लिमिटेड के कोरियर बुकिंग ऑफिस में बीती रात चोरों ने चोरी की बड़ी घटना को अंजाम दिया। चोर ऑफिस का ताला तोड़कर करीब एक से डेढ़ लाख रुपये के कीमती सामान लेकर फरार हो गए।

जानकारी के अनुसार, कोरियर सेंटर संचालक उमेश कुमार जब मंगलवार सुबह दुकान खोलने पहुंचे तो शटर का ताला टूटा हुआ पाया। अंदर जाने पर कंप्यूटर सेट, इन्वर्टर-बैटरी, सीसीटीवी कैमरा, डीवीआर समेत कई इलेक्ट्रॉनिक उपकरण गायब मिले।

चोरी के कारण ऑफिस का कामकाज प्रभावित हो गया है। वहीं कंप्यूटर में मौजूद जरूरी डेटा और निगरानी व्यवस्था भी प्रभावित हुई है। चोरों ने सीसीटीवी कैमरा और डीवीआर भी अपने साथ ले जाकर सबूत मिटाने की कोशिश की है।

घटना की जानकारी मिलने के बाद उमेश कुमार ने बोकारो थर्मल थाना में लिखित आवेदन दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस आसपास लगे अन्य सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है।

घटना के बाद इलाके के दुकानदारों में भय का माहौल है। व्यापारियों ने पुलिस प्रशासन से रात में गश्त बढ़ाने और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है।

Other Latest News

Leave a Comment